महंत महाविद्यालय के दो शोधार्थियों ने हासिल की पीएचडी, वाणिज्य शोध केंद्र की बड़ी उपलब्धि

० पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय ने आशा गुप्ता और सुमन धृतलहरे को प्रदान की उपाधि, डॉ. श्वेता महाकालकर के निर्देशन में पूरा हुआ शोध
रायपुर। महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय, रायपुर के वाणिज्य शोध केंद्र को एक और शैक्षणिक उपलब्धि मिली है। महाविद्यालय की दो शोधार्थियों श्रीमती आशा गुप्ता और सुश्री सुमन धृतलहरे को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा वाणिज्य विषय में पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है।
दोनों शोधार्थियों ने महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक एवं शोध निर्देशक डॉ. श्वेता महाकालकर के मार्गदर्शन में अपना शोध कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया।
इन विषयों पर किया शोध
आशा गुप्ता का शोध विषय था—”ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का विश्लेषण : रायपुर नगर निगम के विशेष संदर्भ में”।
सुमन धृतलहरे का शोध विषय था—”महिला उद्यमियों का आर्थिक विकास में योगदान : एक विश्लेषणात्मक अध्ययन (रायपुर संभाग के विशेष संदर्भ में)”।
दोनों शोध कार्य समाज और अर्थव्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित हैं और क्षेत्रीय विकास के अध्ययन में उपयोगी माने जा रहे हैं।



प्राचार्य ने दी बधाई
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने दोनों शोधार्थियों तथा शोध निर्देशक डॉ. श्वेता महाकालकर को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता महाविद्यालय के शोध एवं अकादमिक वातावरण की गुणवत्ता को दर्शाती है और अन्य शोधार्थियों को भी उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए प्रेरित करेगी।





