स्कूल में शिक्षकों की शराब पार्टी का VIDEO वायरल, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप; 5 शिक्षक और स्वीपर को नोटिस

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जिले के मालखरौदा ब्लॉक स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल किरारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूल परिसर के अंदर शिक्षक और एक स्वीपर कथित तौर पर शराब पार्टी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
स्कूल परिसर में शराब पार्टी का दावा
वायरल वीडियो में स्कूल के भीतर पांच शिक्षक और एक स्वीपर शराब पीते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर फैलने के बाद लोगों ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए, जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने मामले का संज्ञान लिया।
5 शिक्षक और एक स्वीपर को कारण बताओ नोटिस
मामले को गंभीर मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित पांच शिक्षकों और एक स्वीपर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी कर्मचारियों को तीन दिनों के भीतर लिखित जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
जवाब के बाद होगी विभागीय कार्रवाई
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सभी संबंधित कर्मचारियों से उनका पक्ष मांगा गया है। निर्धारित समय सीमा में जवाब मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय होगी।





