#crime #प्रदेश

रायपुर में 5 लोगों की मौत का खुलासा: सट्टे में 70 लाख का लेनदेन, पिता ने पत्नी और 3 बच्चों को दिया था जहर

Advertisement Carousel

रायपुर। राजधानी रायपुर के संजय नगर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में करीब सात महीने बाद जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। विशेष जांच दल (SIT) की पड़ताल में सामने आया है कि परिवार के मुखिया साजिद अली ने ही अपनी पत्नी और तीन बच्चों को कीटनाशक देकर उनकी हत्या की थी। इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने अब साजिद अली के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है।

सट्टे के कारोबार में घाटा, पांच साल में 70 लाख का लेनदेन

SIT की जांच में सामने आया कि साजिद अली सट्टे के कारोबार से जुड़ा था। वह गोलबाजार और डगनिया इलाके में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाता था। इस कारोबार में हुए नुकसान और आर्थिक तंगी के चलते वह परेशान था। पुलिस की जांच में उसके बैंक खातों से पिछले पांच वर्षों में करीब 70 लाख रुपये के लेनदेन का पता चला है। कारोबार बंद होने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति और खराब हो गई थी।

बेटे को दो बार किया फोन, मिठाई और खाना लेकर पहुंचा था घर

जांच में घटना वाले दिन की गतिविधियों को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। साजिद ने अपने बेटे इरशाद को दो बार फोन कर घर बुलाया था। वह अपने साथ मिठाई और खाना लेकर आया था। आरोप है कि उसने खाने-पीने की चीजों में कीटनाशक मिलाकर पत्नी राबिया और तीनों बच्चों को खिला दिया।

सीसीटीवी फुटेज में सुबह 10:18 बजे साजिद आखिरी बार घर का दरवाजा बंद करते हुए दिखाई दिया। जांच में यह भी सामने आया कि घटना से करीब ढाई महीने पहले उसने एक परिचित से परिवार के साथ अच्छे संबंध नहीं होने और जीने की इच्छा नहीं होने की बात कही थी।

सात महीने बाद साजिद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज

करीब पांच महीने तक चली जांच के बाद टिकरापारा पुलिस ने साजिद अली के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है। SIT की जांच में जुटाए गए साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि परिवार के पांचों सदस्यों की मौत के पीछे साजिद की भूमिका थी।

17 जुलाई को एक ही घर में मिले थे पांच शव

पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित मदनी चौक का है। 17 जुलाई को यहां किराए के मकान में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिले थे। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय साजिद अली, उसकी पत्नी राबिया और तीन बच्चों इरशाद अली, शाहिदा बेगम और इरशाबा परवीन के रूप में हुई थी।

घटनास्थल पर साजिद का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों के शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़े थे। शुरुआत में मामला सामूहिक मौत का लग रहा था, लेकिन SIT की जांच के बाद इसे पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद आत्महत्या का मामला माना गया।