CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में आज भी बारिश के आसार, 22 जिलों में यलो अलर्ट; उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर और बीजापुर जिले में एक-दो स्थानों पर सबसे ज्यादा बारिश हुई। हालांकि, प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम है।
राजधानी रायपुर में शनिवार देर शाम हुई बारिश से उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। बारिश के चलते रायपुर के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। 7 अगस्त को जहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस था, वहीं शनिवार को यह घटकर करीब 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
दुर्ग रहा सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज भी प्रदेश में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से 9 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आज अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शहर में बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है।
22 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।
ऐसे में लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी जाती है।




