रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिर से बारिश की गतिविधि शुरू होने की संभावना है। IMD ने संकेत दिया है कि 13 अगस्त 2025 के आसपास बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य क्षेत्र में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस सिस्टम के सक्रिय होते ही प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 5 दिनों तक गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कोरिया जिले के सोनहत में 7 सेमी बारिश हुई, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। लोरमी में 5, पेंड्रा में 4, बैकुंठपुर, पिपरिया और राजनांदगांव में 3-3 सेमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, राजनांदगांव का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।
मानसून द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण एक्टिव
मौसम विभाग के अनुसार औसत समुद्र तल पर मानसून की द्रोणिका भटिंडा, रोहतक, दिल्ली, हरदोई, बाराबंकी, देहरी, बांकुरा और कोंटाई से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली है। इसके अलावा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण बिहार के ऊपर ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं, जिससे बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
राजधानी में गरज के साथ छींटे पड़ेंगे
राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी और गरज-चमक के आसार हैं। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 5 दिनों में बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश के हालात बनेंगे। कुछ जिलों में भारी वर्षा भी हो सकती है, खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में। किसानों को सलाह दी गई है कि फसल की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें और खुले मैदान में बिजली चमकते समय न जाएं।