#प्रदेश

गर्ल्स हॉस्टल में आधी रात घुसे 3 जंगली हाथी, 58 छात्राओं का रेस्क्यू… पके कटहल की खुशबू खींच लाई गजराज

Advertisement Carousel

 

मरवाही। छत्तीसगढ़ के मरवाही इलाके में आधी रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तीन जंगली हाथी दीवार तोड़कर गर्ल्स हॉस्टल परिसर में घुस गए। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हॉस्टल में रह रही 58 छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी छात्रा या कर्मचारी को चोट नहीं आई।

जानकारी के मुताबिक, हॉस्टल परिसर में लगे पेड़ों पर पके कटहल की खुशबू हाथियों को अपनी ओर खींच लाई। हाथियों ने हॉस्टल की बाउंड्रीवाल को करीब पांच अलग-अलग जगहों से तोड़ दिया और परिसर में दाखिल हो गए।

पहले गार्ड रूम को बनाया निशाना

हॉस्टल में घुसने के बाद हाथियों ने सबसे पहले सुरक्षा गार्ड के कमरे को नुकसान पहुंचाया। गार्ड रूम का दरवाजा और खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि घटना के वक्त गार्ड कमरे में मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

रात में चुपचाप कराया गया छात्राओं का रेस्क्यू

हाथियों के हॉस्टल परिसर में होने की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीमें सक्रिय हुईं। रात के अंधेरे में बेहद सावधानी के साथ हॉस्टल से सभी 58 छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें दूसरे सुरक्षित हॉस्टल में शिफ्ट किया गया।

सुबह हटाए गए पके कटहल

घटना के बाद वन विभाग और प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए हॉस्टल परिसर से सभी पके हुए कटहल हटवा दिए हैं। साथ ही हाथियों को दोबारा परिसर में प्रवेश करने से रोकने के लिए बाउंड्री के चारों ओर करीब 5 फीट गहरा सुरक्षा गड्ढा (ट्रेंच) खोदने के निर्देश दिए गए हैं।फिलहाल छात्राओं और हॉस्टल स्टाफ की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग की टीम इलाके में निगरानी कर रही है।