#प्रदेश

छिंदवाड़ा एयर स्ट्रिप पर टला बड़ा विमान हादसा : तकनीकी खराबी के कारण नहीं भर सका उड़ान; विमान में सवार थे नकुलनाथ और हरीश चौधरी

Advertisement Carousel

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा एयर स्ट्रिप पर मंगलवार सुबह बड़ा विमान हादसा टल गया। पूर्व सांसद नकुलनाथ और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी को लेकर भोपाल के लिए उड़ान भरने वाला विमान इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण टेकऑफ नहीं कर सका। समय रहते पायलट की सतर्कता से सभी यात्री सुरक्षित बच गए।

उड़ान से पहले सामने आई तकनीकी खराबी

जानकारी के अनुसार, नकुलनाथ और हरीश चौधरी भोपाल में आयोजित कांग्रेस की अहम बैठक में शामिल होने के लिए मंगलवार सुबह छिंदवाड़ा एयर स्ट्रिप पहुंचे थे। दोनों नेता विमान में सवार हो चुके थे और उड़ान की तैयारी पूरी हो चुकी थी। इंजन स्टार्ट होने के दौरान तकनीकी खराबी का संकेत मिला, जिसके बाद पायलट ने तत्काल टेकऑफ रोक दिया।

विमान रनवे पर ही खड़ा रहा और सभी यात्रियों व स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद एयर स्ट्रिप पर विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई।

बदला यात्रा का माध्यम

तकनीकी खराबी के बाद दोनों नेताओं ने अपनी यात्रा का तरीका बदल दिया। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी सड़क मार्ग से भोपाल के लिए रवाना हुए, जबकि नकुलनाथ नागपुर के लिए रवाना हो गए।

पायलट की सूझबूझ से टला हादसा

बताया जा रहा है कि यदि उड़ान भरने के बाद इंजन में खराबी आती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। विशेषज्ञों के अनुसार, टेकऑफ से पहले तकनीकी संकेत मिलना और पायलट का तत्काल निर्णय इस संभावित हादसे को टालने की सबसे बड़ी वजह रहा।

नकुलनाथ ने दौरा रद्द होने पर जताया खेद

घटना के बाद नकुलनाथ ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि विमान में तकनीकी खराबी के कारण उनका भोपाल दौरा रद्द हो गया है। उन्होंने समर्थकों से क्षमा मांगते हुए कहा कि जल्द ही भोपाल पहुंचकर संगठन और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे।

फिलहाल विमान के इंजन में खराबी की वजह और उसे दोबारा उड़ान के लिए कब तैयार किया जाएगा, इस संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।