#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून, 3 दिन भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट; रायपुर में भी गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र

मौसम में बदलाव की मुख्य वजह उत्तर बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास बना निम्न दबाव क्षेत्र है। इसके प्रभाव से मानसून गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम अगले कुछ घंटों में और स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में बदल सकता है और इसके बाद अवदाब में तब्दील होने की संभावना है।

उत्तर छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा असर

मौसम विभाग के मुताबिक सिस्टम के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। अगले चार दिनों तक इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे में ओड़गी, वाड्रफनगर और डौरा कोचली में 7-7 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं रघुनाथनगर, चलगली और कुसमी में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई।

तमनार और चांदो में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि अजगरबहार, मोहला और शंकरगढ़ में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 13 अगस्त को आसमान मेघमय रहने की संभावना है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

अधिकतम तापमान: करीब 32°C
न्यूनतम तापमान: करीब 26°C

वहीं 12 अगस्त को रायपुर और दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.2°C दर्ज किया गया।

अगले 4 दिन मौसम रहेगा सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से अगले चार दिनों तक छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय रह सकता है। उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश की तीव्रता ज्यादा रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने भारी बारिश और वज्रपात की आशंका वाले क्षेत्रों में लोगों से सतर्क रहने, मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।