#प्रदेश

रायपुर पश्चिम में तिरंगे का महासैलाब, हजारों लोगों ने निकाली विराट तिरंगा यात्रा

Advertisement Carousel

 

० भारत माता चौक पर 51 पंडितों ने की भव्य आरती, देशभक्ति गीतों से गूंजा पूरा इलाका

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर पश्चिम राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में निकली विशाल तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में युवा, महिलाएं, भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा, सिर पर केसरिया साफा और भारत माता के जयघोष से शहर की सड़कें देशभक्ति से सराबोर हो गईं।

पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम से शुरू हुई तिरंगा यात्रा तात्यापारा, रामसागर पारा, राठौर चौक, तेलघानी नाका, अग्रसेन चौक, समता कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, रामनगर अंडर ब्रिज, कर्मा चौक, कबीर चौक और CSEB चौक होते हुए भारत माता चौक, गुढ़ियारी पहुंची।

चौक-चौराहों पर हुआ भव्य स्वागत

यात्रा के मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में उत्साह नजर आया।

भारत माता चौक पर 51 पंडितों ने की आरती

शाम करीब 6 बजे तिरंगा यात्रा भारत माता चौक पहुंची, जहां इसका भव्य समापन हुआ। इसके बाद 51 पंडितों ने गंगा आरती की तर्ज पर भारत माता की दिव्य आरती की। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और दीपों की रोशनी के बीच हजारों लोगों ने तिरंगा हाथ में लेकर आरती में हिस्सा लिया।इसके बाद लोकरंग अर्जुंदा के कलाकारों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को और भव्य बना दिया।

मूणत बोले- यह केवल यात्रा नहीं, राष्ट्रप्रेम की सामूहिक अभिव्यक्ति

राजेश मूणत ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा किसी एक व्यक्ति या संगठन का आयोजन नहीं, बल्कि रायपुर पश्चिम की जनता के राष्ट्रप्रेम, सम्मान और स्वाभिमान की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि हजारों युवाओं, माताओं-बहनों और नागरिकों को एक साथ तिरंगा लेकर चलते देखना गौरव का क्षण है।

बृजमोहन अग्रवाल ने भी की आयोजन की सराहना

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हजारों लोगों की सहभागिता ने इस आयोजन को राष्ट्रभक्ति के विराट जनउत्सव में बदल दिया।

कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे समेत भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, पार्षद, विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

तिरंगे की शान, हजारों लोगों का जोश और 51 दीपों की रोशनी में भारत माता की आरती—रायपुर पश्चिम में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रभक्ति का भव्य नजारा देखने को मिला।