West Bengal News : तारापीठ के होटल में भीषण आग, 7 लोगों की मौत; सोते समय मची अफरा-तफरी

कोलकाता। सावन के सोमवार को बिहार के लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ की घटना के बाद पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ से भी दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। तारापीठ के मंदिर क्षेत्र स्थित एक चार मंजिला होटल में सोमवार सुबह भीषण आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य के झुलसने की सूचना है।
सुबह करीब 5 बजे लगी आग
पुलिस के अनुसार, आग सुबह करीब 5 बजे होटल की पहली मंजिल पर लगी। उस समय होटल में ठहरे ज्यादातर लोग सो रहे थे। आग लगते ही होटल में धुआं भर गया और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अस्पताल में सात लोगों की मौत की पुष्टि
हादसे में झुलसे लोगों को रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। शुरुआत में अस्पताल सूत्रों ने पांच लोगों की मौत की जानकारी दी थी, लेकिन बाद में पुलिस ने मृतकों की संख्या बढ़कर सात होने की पुष्टि की।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने का दावा
होटल प्रबंधन की ओर से शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
होटल में मची चीख-पुकार
कोलकाता की रहने वाली एक महिला आग से सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रही। उसने बताया कि अचानक होटल के अंदर धुआं भर गया था। सांस लेना मुश्किल हो रहा था और बाहर निकलने का रास्ता ढूंढना भी बेहद मुश्किल हो गया था।
तारापीठ दर्शन के लिए पहुंचे थे श्रद्धालु
अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में कुछ श्रद्धालु भी शामिल हैं, जो प्रसिद्ध तारापीठ काली मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हैं।





