दांतों की सड़न को न करें नजरअंदाज, जबड़े को खोखला कर सकता है (रेडिकुलर सिस्ट)

हम अक्सर दांतों के दर्द या सड़न को मामूली समझकर नजरअंदाज कर देते हैं या सिर्फ दर्द निवारक दवा (Painkiller) खाकर छोड़ देते हैं। लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि यह लापरवाही भविष्य में एक गंभीर बीमारी का रूप ले सकती है, जिसे मेडिकल भाषा में रेडिकुलर सिस्ट (Radicular Cyst) कहा जाता है।
हाल ही में सिम्स के दन्त चिकित्सा विभाग द्वारा एक दयावती 38 वर्षीय महिला मरीज के जबड़े से सर्जरी के जरिए एक बड़ा सिस्ट निकाला गया, जो दांत की पुरानी सड़न के कारण बना था।
क्या होता है रेडिकुलर सिस्ट –
दंत रोग विशेषज्ञ डॉ भूपेंद्र कश्यप के अनुसार – रेडिकुलर सिस्ट मुख के भीतर होने वाली एक ऐसी गांठ या थैली है, जिसमें तरल पदार्थ भरा होता है। यह आमतौर पर उस दांत की जड़ के पास विकसित होता है, जो पूरी तरह सड़ चुका होता है या जिसमें पुराना इन्फेक्शन (संक्रमण) होता है। जब दांत की नसें मर जाती हैं, तो वहां का बैक्टीरिया मसूड़े के अंदर हड्डी तक पहुंच जाता है और धीरे-धीरे एक सिस्ट का रूप ले लेता है।
बीमारी के मुख्य लक्षण :-
शुरुआती दिनों में इस बीमारी का पता लगाना काफी मुश्किल होता है, क्योंकि इसमें ज्यादा दर्द नहीं होता।
हालांकि धीरे-धीरे निम्नलिखित लक्षण दिखाई देने लगते हैं: –
१) प्रभावित दांत के पास मसूड़े या जबड़े में हल्की सूजन आना।
२) दांत का रंग धीरे-धीरे काला या गहरा पीला पड़ जाना।
३) चबाते समय या दांत को छूने पर हल्का दर्द महसूस होना।
४) गंभीर मामलों में चेहरे की बनावट में बदलाव आना या दांत का हिलना।
कैसे हुआ सफल इलाज
हालिया मामले में जब मरीज जबड़े में सूजन की शिकायत लेकर सिम्स अस्पताल के दन्त चिकित्सा विभाग पहुंचा, तो डॉक्टरों ने डिजिटल एक्स-रे OPG एवं CBCT के जरिए बीमारी की पहचान की। एक्स-रे में दांत की जड़ के पास हड्डी का एक बड़ा हिस्सा गल चुका था। डॉक्टरों की टीम ने मरीज का सफल इलाज करने के लिए दो चरणों में प्रक्रिया अपनाई। पहले दांत के संक्रमण को रोकने के लिए रूट कैनाल थेरेपी (RCT) की गई। इसके बाद एक छोटे से ऑपरेशन (Surgical Enucleation) के जरिए जबड़े की हड्डी को नुकसान पहुंचाए बिना उस सिस्ट को पूरी तरह बाहर निकाल दिया गया। अब मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और उसके जबड़े की हड्डी दोबारा ठीक हो रही है।
डॉक्टरों की सलाह: लापरवाही पड़ सकती है भारी
दन्त चिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप प्रकाश का कहना है कि रेडिकुलर सिस्ट से बचने का एकमात्र तरीका समय पर इलाज है। यदि दांत में सड़न या चोट के कारण दर्द हो, तो तुरंत डेंटिस्ट को दिखाएं। हर छह महीने में डेंटल चेकअप कराने से ऐसी छिपी हुई बीमारियों का पता शुरुआत में ही चल जाता है, जिससे बड़ी सर्जरी की नौबत नहीं आती।
इसके इलाज के लिए वह पहले निजी अस्पताल गया तथा अन्य अस्पतालों के भी चक्कर काटे, परन्तु इलाज का खर्च अधिक होने की वजह से जाँच कराने में असमर्थ था। तब उसको कही से सिम्स में इसका इलाज की सलाह मिली और उसकी उम्मीद भी सच साबित हुई। यहाँ पर उसकी आयुष्मान से निःशुल्क इलाज की सुविधा मिली।
इस ऑपरेशन का श्रेय दन्त चिकित्सा विभाग के डॉ. भूपेंद्र कश्यप के मार्गदर्शन में दन्त चिकित्सा विभागाध्यक्ष एवं मैक्सिलोफासिअल सर्जन डॉ. संदीप प्रकाश एवं उनकी टीम में शामिल डॉ. जण्डेल सिंह ठाकुर, डॉ. केतकी कीनीकर, डॉ. हेमलता राजमणी, डॉ. प्रकाश खरे, डॉ. सोनल पटेल को जाता है।
सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने इसकी सराहना की तथा भविष्य में ऐसे ही मरीजों के हिट में कार्य करने एवं आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया।





