#प्रदेश

रायपुर में सुप्रिया श्रीनेत, नेहा राठौर और @GenZ_of_India पर FIR, पुराने वीडियो को 15 अगस्त का बताने का आरोप

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी के सिविल लाइंस थाने में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर और एक्स हैंडल @GenZ_of_India के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उज्जवल दीपक की लिखित शिकायत के आधार पर की गई है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया पर भाजपा नेताओं का एक पुराना वीडियो साझा कर उसे 15 अगस्त 2026 के स्वतंत्रता दिवस समारोह से जोड़कर पेश किया।

पुराने वीडियो को 15 अगस्त का बताने का आरोप

भाजपा की शिकायत के मुताबिक, वीडियो को धमतरी जिले के कुरुद का बताते हुए यह दावा किया गया था कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया जा रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि वायरल वीडियो 15 अगस्त का नहीं, बल्कि 22 मार्च 2026 को आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ का है।

भाजपा ने आरोप लगाया कि पुराने वीडियो को नए संदर्भ में साझा कर भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई, जिससे लोगों के बीच भ्रम और तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है।

BNS की इन धाराओं में केस दर्ज

रायपुर पुलिस ने शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(4), 353(2) और 196 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब मामले से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो और उसके प्रसार की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

फिलहाल मामले में आरोपों की जांच जारी है और पुलिस की जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की स्थिति और आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।