Big News : सोमालिया के तट पर हथियारों से लदा कार्गो शिप हाईजैक, 6 भारतीय समेत 10 क्रू सदस्य सवार

सोमालिया। सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास समुद्री लुटेरों ने कैमरून के झंडे वाले कार्गो जहाज एम/वी लुटुफ को हाईजैक कर लिया है। जहाज पर तुर्किये के हथियारों के अलावा संचार और सैटेलाइट उपकरण लदे होने की जानकारी सामने आई है। सोमाली अधिकारियों के मुताबिक, हाईजैक के बाद जहाज को पुंटलैंड के नुगाल तट की ओर ले जाया गया।
अधिकारी के अनुसार जहाज के चालक दल में 6 भारतीय नागरिक, 1 तुर्किये का नागरिक, 1 जॉर्जियाई नागरिक और 2 सर्बियाई सुरक्षा गार्ड शामिल थे। जहाज का मालिकाना हक पोलर मूवमेंट शिपिंग के पास बताया गया है।
8 समुद्री लुटेरों ने किया कब्जा
सोमाली अधिकारी के मुताबिक, 8 समुद्री लुटेरों ने एम/वी लुटुफ पर कब्जा किया। बताया जा रहा है कि यही समूह इससे पहले 26 अप्रैल को M/V Sward के हाईजैक में भी शामिल रहा था।
तुर्किये के हथियार और सैटेलाइट उपकरण थे लदे
एम/वी लुटुफ तुर्किये के हथियार लेकर मोगादिशु स्थित तुर्किये के सैन्य प्रशिक्षण केंद्र की ओर जा रहा था। जहाज पर संचार और सैटेलाइट उपकरण भी मौजूद थे। घटना को लेकर तुर्किये की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हाईजैक जहाज की निगरानी में हेलिकॉप्टर और ड्रोन
अधिकारी के अनुसार हाईजैक के बाद तुर्किये के स्वामित्व वाले दो जहाज मौके पर पहुंचे। इलाके में तुर्किये के हेलिकॉप्टर और ड्रोन से निगरानी किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
हवाई हमले में 4 लोगों की मौत, 2 घायल
मंगलवार को दो लोगों को लेकर एक छोटी नाव हाईजैक किए गए जहाज के पास पहुंची। नाव से खाट पहुंचाए जाने की बात कही गई है। इसके बाद नाव के तट पर लौटने के बाद हवाई हमला हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत और दो के घायल होने की जानकारी है।
हालांकि, हमले की परिस्थितियों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि हमला किसने किया और मारे गए लोग समुद्री लुटेरों के समूह का हिस्सा थे या नहीं।
फिलहाल एम/वी लुटुफ, उसके चालक दल और जहाज पर लदे सामान की स्थिति स्पष्ट नहीं है। मामले की पूरी जानकारी सामने आने का इंतजार है।




