#प्रदेश

Uttarakhand Weather: बारिश ने मचाई तबाही, NH-707A का बड़ा हिस्सा टूटा; मसूरी-यमुना ब्रिज मार्ग बंद

Advertisement Carousel

 

उत्तराखंड। लगातार हो रही बारिश के बीच डिमटा बैंड के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए का बड़ा हिस्सा देर रात पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क टूटने के बाद कैम्पटी-यमुना ब्रिज मार्ग पर दोनों तरफ से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। मार्ग बंद होने से मसूरी और यमुना घाटी के बीच आवाजाही प्रभावित हुई है।

मौके पर पहुंची पुलिस, यात्रियों को अलर्ट

सड़क क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही कैम्पटी पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। थानाध्यक्ष कैम्पटी योगेंद्र सिंह गुसाईं ने वाहन चालकों और यात्रियों से फिलहाल मसूरी से यमुना ब्रिज की ओर नहीं जाने की अपील की है।वहीं, यमुना घाटी की ओर से मसूरी आने वाले वाहनों को भी फिलहाल इस मार्ग का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है।

आधिकारिक सूचना तक वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील

पुलिस ने यात्रियों से कहा है कि मार्ग की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी मिलने तक वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है।सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ मसूरी आने-जाने वाले पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जल्द बहाली की कोशिश

एनएच-707ए के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी ने बताया कि डिमटा बैंड के पास सड़क का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। मौके का निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद पहाड़ की तरफ से कटिंग कर वैकल्पिक मार्ग तैयार करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि यातायात को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।

फिलहाल प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और सड़क खुलने को लेकर आधिकारिक सूचना का इंतजार करने की अपील की है।