#प्रदेश

44 छात्राओं को मिली साइकिल, खिले चेहरे; दूरस्थ वनांचल की बेटियों के लिए आसान होगी स्कूल की राह

Advertisement Carousel

कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वपूर्ण सरस्वती साइकिल योजना के तहत पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ वनांचल स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में 44 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। 21 अगस्त 2026 को आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह और विद्यालय के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने छात्राओं को साइकिल प्रदान की।

साइकिल मिलने के बाद छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। कई छात्राएं साइकिल की घंटी बजाते हुए उत्साह के साथ अपने घरों की ओर रवाना हुईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने सरस्वती साइकिल योजना की सराहना करते हुए छात्राओं को नियमित रूप से स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के जरिए छात्राएं अपने सुनहरे भविष्य का निर्माण कर सकती हैं।

विद्यालय के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य कक्षा 9वीं में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को स्कूल तक पहुंचने में सुविधा देना है। खासकर दूर-दराज और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाली छात्राओं को पैदल लंबी दूरी तय कर स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है।

साइकिल मिलने से छात्राओं को समय की बचत होगी और वे सुरक्षित व सुविधाजनक तरीके से नियमित रूप से स्कूल पहुंच सकेंगी।कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि, प्राचार्य और अन्य अतिथियों ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद छात्राएं अपनी नई साइकिल लेकर घर के लिए रवाना हुईं।

साइकिल मिलने की खुशी छात्राओं के चेहरों पर साफ दिखाई दी। ग्रामीण क्षेत्र की इन छात्राओं के लिए साइकिल सिर्फ आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा की राह को आसान बनाने वाली एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगी।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य भारत सिंह सिदार, पूर्व सरपंच सोनसाय आयाम, सरपंच मनोहर बिंझवार, उपसरपंच, सेवानिवृत्त डिप्टी कमिश्नर भुवाल सिंह सिदार, सहायक उप निरीक्षक सुरेश जोगी, राकेश जायसवाल, विष्णु यादव, आरक्षक दिलेश्वर चंद्र, हरिराम पटेल, रमेश कुमार, पंचगण, शाला विकास समिति के अध्यक्ष जय कुमार सिदार, समिति के सदस्य, पालकगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, ग्राम के युवा, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।