#प्रदेश

CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, रायपुर में 12 सेमी बरसा पानी; अगले 2 दिन भारी बारिश के आसार

Advertisement Carousel

० बंगाल की खाड़ी के सिस्टम का असर, बस्तर में भी जमकर बरसे बादल; रायपुर-बिलासपुर और सरगुजा संभाग में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सावन के अंतिम सोमवार को मानसून ने जमकर रंग दिखाया। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। रायपुर शहर में 12 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बस्तर संभाग के कई इलाकों में भी भारी बारिश हुई, जबकि बिलासपुर और सरगुजा संभाग में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है।

इन इलाकों में सबसे ज्यादा बारिश

प्रदेश में सबसे अधिक बारिश छोटेडोंगर में 18 सेमी दर्ज की गई। इसके अलावा अंतागढ़ और बास्तानार में 16-16 सेमी, चलगली, माकड़ी, बड़े बचेली, दौरा कोचली और नारायणपुर में 13-13 सेमी बारिश हुई।

सोमवार को पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहा। बस्तर संभाग में कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हुई, जबकि रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई।

आज रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह धूप खिली रही, लेकिन मौसम विभाग ने बादल छाने के साथ बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अभी सक्रिय हैं कई मौसम सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। वहीं उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तरी ओडिशा तक द्रोणिका बनी हुई है, जिसका असर उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है।फिलहाल प्रदेश में बारिश सामान्य के आसपास है और अब तक करीब 4 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।