दिल्ली में स्वाइन फ्लू का कहर! H1N1 के 1,777 से ज्यादा मामले, एक दिन में मिले 114 नए मरीज

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इस साल अब तक दिल्ली में इन्फ्लुएंजा-ए के करीब 2,392 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें H1N1 के 1,777 से अधिक मामले शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अकेले गुरुवार को 114 नए H1N1 मरीज सामने आए हैं।
बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। बैठक में राजधानी में संक्रमण की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ रोकथाम और नियंत्रण के उपायों पर चर्चा की जा रही है।
35 अस्पतालों पर विशेष निगरानी
दिल्ली सरकार के मुताबिक अस्पतालों में मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त बेड, डॉक्टर, दवाएं और जरूरी चिकित्सा उपकरण उपलब्ध हैं। स्थिति पर नजर रखने के लिए 35 अस्पतालों को विशेष निगरानी में रखा गया है।
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकने, नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने और जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
इन्फ्लुएंजा-A और A+B के भी हजारों मामले
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में इन्फ्लुएंजा-A के कुल मामले करीब 2,392 हैं। वहीं इन्फ्लुएंजा-A+B के मामलों की संख्या करीब 2,602 बताई गई है। इनमें H1N1 प्रमुख संक्रमण के रूप में सामने आया है।
54% घरों में किसी न किसी को वायरल जैसे लक्षण
दिल्ली में वायरल और बुखार के बढ़ते मामलों के बीच किए गए एक सर्वे ने भी चिंता बढ़ाई है। सर्वे के अनुसार, 54 फीसदी घरों में कम से कम एक व्यक्ति बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहने या शरीर में दर्द जैसे फ्लू और वायरल फीवर के लक्षणों से परेशान है।
वहीं, 23 फीसदी घरों में चार या उससे अधिक लोग एक साथ इन लक्षणों से जूझ रहे हैं। लोकलसर्किल्स के सर्वे में दिल्ली-एनसीआर के लोगों से 32 हजार से अधिक प्रतिक्रियाएं मिलीं। कुल 32,643 लोगों ने बताया कि उनके घर में इस समय कितने सदस्य फ्लू या वायरल बुखार जैसे लक्षणों से प्रभावित हैं।
सर्वे के मुताबिक 46 फीसदी लोगों ने बताया कि उनके घर में किसी को ऐसे लक्षण नहीं हैं। 15 फीसदी घरों में एक व्यक्ति, 16 फीसदी में दो से तीन लोग और 23 फीसदी घरों में चार या उससे अधिक लोग इन लक्षणों से पीड़ित हैं। यानी 39 फीसदी घरों में दो या उससे अधिक सदस्य एक साथ बीमार पाए गए।
H1N1 और सामान्य वायरल के लक्षण मिलते-जुलते
विशेषज्ञों के अनुसार H1N1, कोविड, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और सामान्य वायरल फीवर के कई लक्षण एक जैसे हो सकते हैं। इनमें बुखार, खांसी, गले में दर्द, सिरदर्द, ठंड लगना और कमजोरी जैसे लक्षण शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि लक्षण नजर आने पर लापरवाही न करें और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लें। सरकार का कहना है कि संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


