छत्तीसगढ़ में Gen Alpha का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का कांग्रेस पर बड़ा आरोप- ‘बच्चों को आगे कर करवा रहे प्रदर्शन’

रायपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा लीक को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर स्कूली छात्रों की आवाज बुलंद हो रही है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बच्चों के प्रदर्शन के बीच शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस बच्चों को आगे कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करवा रही है।
‘कांग्रेस के इशारे पर हो रहे बच्चों के प्रदर्शन’
स्कूली छात्रों के प्रदर्शन को लेकर मंत्री गजेंद्र यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में बच्चों को उकसाकर प्रदर्शन कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ माहौल बनाने के लिए बच्चों को आगे कर रही है।
‘कांग्रेस जनित प्रदर्शन’ बता कर साधा निशाना
मंत्री ने छात्रों के आंदोलन को ‘कांग्रेस जनित प्रदर्शन’ करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में करीब 8 हजार शौचालयों का निर्माण कराने जा रही है, लेकिन कांग्रेस इसका श्रेय लेने की राजनीति कर रही है। मंत्री के मुताबिक, बच्चों को उकसाकर प्रदर्शन करवाना उचित नहीं है।
कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई पर भी तंज
युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर चल रहे सियासी विवाद पर भी मंत्री गजेंद्र यादव ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आपसी खींचतान कोई नई बात नहीं है। उन्होंने भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के बीच लंबे समय से विवाद होने का दावा करते हुए कहा कि दोनों गुट एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं।
BJP की बैठकों पर बोले- लगातार होता है काम
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में लगातार हो रही बैठकों को लेकर मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी में संगठन और कामकाज को लेकर नियमित बैठकें होती रहती हैं। प्रभारी जिलों में भी लगातार बैठकें की जा रही हैं और सामने आने वाली समस्याओं के समाधान पर चर्चा की जाती है।




