#प्रदेश

कांकेर सांसद भोजराज नाग का अजीबोगरीब दावा: “नींबू काटकर रोक दी बारिश”, मंच से कही बात पर जमकर ठहाके

Advertisement Carousel

 

बालोद। कांकेर से भाजपा सांसद भोजराज नाग अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। डौंडीलोहारा में महतारी वंदन योजना के कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच से दावा किया कि पूजा-अर्चना और नींबू काटकर उन्होंने बारिश रोक दी। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत मंच पर मौजूद अन्य नेता भी हंसते नजर आए।

सांसद बोले- प्रार्थना की और नींबू काटा

कार्यक्रम में भाषण के दौरान भोजराज नाग ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से एक दिन पहले और रात में मौसम खराब था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के आने का प्रोटोकॉल रात करीब 12 बजे जारी हुआ था। इसके बाद उन्होंने अपने आराध्यों से प्रार्थना की और नींबू काटकर बारिश रोकने का दावा किया।

सांसद ने आगे कहा कि अब कार्यक्रम सफल हो गया है, इसके बाद बारिश हो तो हो। उनके इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच ठहाके गूंजने लगे।

अफसरों को भी दे चुके हैं ऐसा बयान

भोजराज नाग इससे पहले भी अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। कुछ समय पहले उन्होंने सरकारी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर अधिकारी काम नहीं करेंगे या फोन नहीं उठाएंगे तो वे उनके नाम का नींबू काटकर “भूत उतार देंगे।”

कांग्रेस ने कसा तंज

सांसद के बारिश रोकने वाले बयान का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने भी निशाना साधा। विपक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि अगर सांसद के पास नींबू काटकर बारिश रोकने की शक्ति है तो वे इसी तरह शक्कर, गैस सिलेंडर और बिजली बिल के दाम भी कम करवा दें।

वहीं, सोशल मीडिया पर भी सांसद के बयान को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स ने इसे अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाला बयान बताया है।

पहले भी विवादों में रहे हैं भोजराज नाग

कांकेर सांसद भोजराज नाग बस्तर के आदिवासी क्षेत्र से आते हैं और खुद को पारंपरिक बैगा (स्थानीय पुजारी) बताते हैं। इससे पहले भी अपने बयानों और टिप्पणियों को लेकर वे चर्चा में रह चुके हैं।