#प्रदेश

रायपुर में वाटर कूलर बना मौत का कारण, करंट लगने से युवक की मौत; बचाने पहुंचा पुलिसकर्मी भी झुलसा

Advertisement Carousel

 

रायपुर। विधानसभा थाना परिसर में वाटर कूलर से फैले करंट की चपेट में आने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक को बचाने पहुंचे एक पुलिस आरक्षक भी गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद पुलिस परिसर में हड़कंप मच गया।

पानी पीने गया था युवक, कूलर छूते ही लगा करंट

पुलिस के अनुसार बिल्हा निवासी रमेश ठाकुर किसी काम से विधानसभा थाना पहुंचे थे। परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर से पानी पीने के दौरान जैसे ही उन्होंने कूलर को छुआ, उन्हें तेज करंट लग गया। करंट की चपेट में आकर रमेश वहीं तड़पने लगे।

उन्हें बचाने पहुंचे आरक्षक गणेश भी करंट की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए। बिजली आपूर्ति बंद करने के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रमेश को मृत घोषित कर दिया। आरक्षक गणेश का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

बारिश के मौसम में बढ़ा बिजली से हादसे का खतरा

लगातार बारिश के बीच बिजली उपकरणों में नमी, वायरिंग में लीकेज या अर्थिंग की खराबी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसी वजह से कूलर, बिजली बोर्ड और अन्य उपकरणों की जांच जरूरी है।

एक सप्ताह पहले मां-बेटे की भी गई थी जान

रायपुर के टिकरापारा क्षेत्र में करीब एक सप्ताह पहले करंट की चपेट में आने से कल्याणी बाई यादव और उनके बेटे मधुसूदन यादव की मौत हो गई थी। कूलर में आई बिजली की खराबी के कारण करंट लोहे के पाइप और बालकनी की रेलिंग में फैल गया था।

करंट लगने पर सीधे न छुएं

बिजली विशेषज्ञों के अनुसार बारिश के मौसम में कूलर और अन्य बिजली उपकरणों का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी जरूरी है। घरों में RCCB/ELCB जैसे सुरक्षा उपकरण लगाना भी हादसों का खतरा कम कर सकता है। यदि कोई व्यक्ति करंट की चपेट में आ जाए तो उसे सीधे हाथ से छूने के बजाय पहले मुख्य बिजली सप्लाई बंद करनी चाहिए और सूखी लकड़ी या प्लास्टिक जैसी गैर-चालक वस्तु का इस्तेमाल करना चाहिए।