#प्रदेश

Chhattisgarh H1N1: प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 130 मामले, 31 मरीज एक्टिव; रायपुर सबसे ज्यादा प्रभावित

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण का दायरा लगातार बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक प्रदेश में 130 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 99 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 31 मरीजों का इलाज अभी जारी है। राहत की बात यह है कि अब तक संक्रमण से किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं की गई है।

रायपुर में सबसे ज्यादा मरीज

राजधानी रायपुर में H1N1 के तीन नए मामले सामने आने के बाद जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है। इनमें करीब 11 मरीज फिलहाल एक्टिव बताए जा रहे हैं। प्रदेश में रायपुर संक्रमण के मामलों के लिहाज से सबसे अधिक प्रभावित जिला बना हुआ है।

19 जिलों तक पहुंचा संक्रमण

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अब तक राज्य के 19 जिलों में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं। वहीं 8 जिलों में फिलहाल एक्टिव मरीज हैं। रायपुर के अलावा दुर्ग, रायगढ़, बिलासपुर, धमतरी, कोरबा, बेमेतरा और महासमुंद समेत कई जिलों में संक्रमित मरीजों का उपचार चल रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी

लगातार नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और उपचार व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। विभाग की ओर से संक्रमित मरीजों की स्थिति पर नजर रखने के साथ आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

हालांकि प्रदेश में अब तक H1N1 से किसी मौत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतने की सलाह दी जा रही है।