#राष्ट्रीय

SCO Summit: पीएम मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन से की मुलाकात, पश्चिम एशिया संकट समेत कई मुद्दों पर चर्चा

Advertisement Carousel

 

बिश्केक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से इतर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-ईरान संबंधों की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की और आपसी हित से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की।

पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी हुई बातचीत

दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब पश्चिम एशिया में तनाव और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं। इससे पहले जून में भी पीएम मोदी और ईरानी राष्ट्रपति के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। उस दौरान पेजेश्कियन ने क्षेत्र में जारी घटनाक्रम की जानकारी प्रधानमंत्री मोदी को दी थी।

पीएम मोदी ने संघर्ष समाप्त करने की दिशा में हुए प्रयासों का स्वागत करते हुए स्थायी शांति और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए लगातार कूटनीतिक प्रयासों की जरूरत पर जोर दिया था।

21 मार्च को भी हुई थी दोनों नेताओं की बातचीत

पीएम मोदी और मसूद पेजेश्कियन के बीच इससे पहले 21 मार्च को भी फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की सुरक्षा स्थिति और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर विचार साझा किए थे।

प्रधानमंत्री मोदी 26वें SCO शिखर सम्मेलन और छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए किर्गिस्तान की आधिकारिक यात्रा पर हैं।

अर्मेनिया के राष्ट्रपति से भी मिले पीएम मोदी

बिश्केक में प्रधानमंत्री मोदी ने अर्मेनिया के राष्ट्रपति निकोल पाशिनियान से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति के साथ-साथ द्विपक्षीय सहयोग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में रक्षा, अर्थव्यवस्था, फार्मा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, संस्कृति और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर विचार-विमर्श हुआ। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर भी अपने विचार साझा किए।

महात्मा गांधी की प्रतिमा पर अर्पित की श्रद्धांजलि

किर्गिस्तान दौरे की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी ने बिश्केक में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की। यह प्रतिमा 2015 में प्रधानमंत्री की पिछली किर्गिस्तान यात्रा के दौरान स्थापित की गई थी।

इसके अलावा पीएम मोदी ने बिश्केक में योग प्रेमियों, शिक्षाविदों, ITEC के पूर्व छात्रों और शोधकर्ताओं सहित विभिन्न वर्गों के लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने इस मुलाकात को बेहद सुखद अनुभव बताया।