Vice President CG Visit: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज रायपुर में, एम्स के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल; सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रायपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज, 2 सितंबर को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। वह एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर रायपुर एयरपोर्ट से एम्स तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए एम्स में आम मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही के लिए भी कुछ गेटों पर प्रतिबंध रहेगा।
सुबह 10 बजे रायपुर पहुंचेंगे उपराष्ट्रपति
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन सुबह करीब 10 बजे विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे एम्स रायपुर के लिए रवाना होंगे और करीब 10:45 बजे एम्स परिसर पहुंचेंगे।
सुबह 11 बजे से एम्स के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी।
दोपहर 12:30 बजे एम्स से एयरपोर्ट रवाना
दीक्षांत समारोह के बाद उपराष्ट्रपति दोपहर करीब 12:30 बजे एम्स रायपुर से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद करीब 1:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी रहेंगे मौजूद
समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, एम्स अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा, एम्स गुवाहाटी के प्रो. अशोक पुरानिक, एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल और केंद्र के पीएमएसवाई डायरेक्टर सचिन कुमार मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सरोना रिंगरोड से टाटीबंध तक कड़ी सुरक्षा
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सरोना रिंगरोड से टाटीबंध चौक तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रिंग रोड नंबर-1 पर बैरिकेडिंग की गई है। वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात और आम लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा।
एम्स में मरीजों की आवाजाही के लिए बदली व्यवस्था
वीआईपी मूवमेंट के कारण 2 सितंबर की सुबह से एम्स में आम नागरिकों के लिए कुछ प्रवेश द्वार बंद रहेंगे। नियमित ओपीडी में इलाज के लिए आने वाले मरीज और उनके परिजन गेट नंबर-1 से प्रवेश और निकासी कर सकेंगे। गेट नंबर-3 से भी ओपीडी के लिए आवाजाही की अनुमति रहेगी।
गेट नंबर-1 पर पार्किंग की व्यवस्था होने के कारण मरीजों को रजिस्ट्रेशन काउंटर तक पहुंचने के लिए कुछ दूरी पैदल तय करनी पड़ सकती है।
वहीं ट्रॉमा और इमरजेंसी सेवाओं के लिए पहले की तरह गेट नंबर-2 का इस्तेमाल किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन काउंटर के लिए पहले इस्तेमाल होने वाला गेट नंबर-4 वीआईपी मूवमेंट के चलते आम नागरिकों के लिए बंद रहेगा। इसी तरह गेट नंबर-5 भी बंद रखा जाएगा।





