#प्रदेश

CG Health Alert: छत्तीसगढ़ में कोरोना की फिर एंट्री, रायपुर-राजनांदगांव में मिले मरीज; स्वाइन फ्लू के 37 केस एक्टिव

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक रायपुर और राजनांदगांव में कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान हुई है। एक मरीज का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है, जबकि दूसरे मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रदेश में पहले से ही स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच कोरोना संक्रमण मिलने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।

दोनों संक्रमित मरीजों की निगरानी कोरोना प्रोटोकॉल के तहत की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतने और तत्काल जांच कराने की अपील की है।

संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग शुरू

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान और ट्रेसिंग शुरू कर दी गई है। मरीजों के परिजनों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं।रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग फिलहाल दोनों मामलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। कोरोना जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है।

लोगों से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की गई है।

स्वाइन फ्लू ने भी बढ़ाई चिंता, प्रदेश में 37 मरीज एक्टिव

कोरोना के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू का संक्रमण भी स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। 1 जनवरी 2026 से 1 सितंबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 158 H1N1 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 37 मरीज फिलहाल एक्टिव हैं।

जिलेवार आंकड़ों में रायपुर में सबसे ज्यादा 66 मामले सामने आए हैं, जिनमें 8 मरीज एक्टिव हैं। वहीं दुर्ग में 17 मामले दर्ज हुए हैं और यहां सबसे ज्यादा 9 एक्टिव मरीज हैं।

किस जिले में कितने H1N1 मरीज?
रायपुर: 66
बिलासपुर: 20
दुर्ग: 17
रायगढ़: 10
धमतरी: 9
कोरबा: 9
राजनांदगांव: 4
बस्तर: 3
बेमेतरा: 3
जांजगीर-चांपा: 2
कांकेर: 2
सूरजपुर: 2
सरगुजा: 2
बालोद, बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा, गरियाबंद, जशपुर, महासमुंद, MCB, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और सक्ती: 1-1

11 जिलों में H1N1 का एक भी मामला नहीं

आंकड़ों के मुताबिक बलरामपुर, बीजापुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव, कोरिया, मुंगेली, नारायणपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सुकमा में इस अवधि में H1N1 का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।

एक्टिव केस में दुर्ग सबसे आगे

प्रदेश में वर्तमान में 37 H1N1 मरीज एक्टिव हैं। इनमें दुर्ग में 9, रायपुर में 8 और कोरबा में 4 एक्टिव मरीज हैं।

इसके अलावा रायगढ़ में 3, बस्तर और राजनांदगांव में 2-2 तथा बालोद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, धमतरी, जशपुर, कांकेर, महासमुंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और सूरजपुर में 1-1 एक्टिव मरीज हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना और H1N1 दोनों संक्रमणों को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने, लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और जरूरत पड़ने पर समय पर जांच व उपचार कराने की अपील की है।