#प्रदेश

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, 152 सड़कें अब भी बंद; नैनीताल में 217 MM बारिश, 9 जिलों में येलो अलर्ट

Advertisement Carousel

 

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित है। राज्य में दूसरे दिन भी 150 से ज्यादा सड़कें बंद रहीं। मंगलवार को जहां 172 सड़कें बंद थीं, वहीं बुधवार को यह संख्या घटकर 152 हुई। हालांकि, कई जिलों में सड़क संपर्क बाधित रहने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नैनीताल में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे में नैनीताल और आसपास के इलाकों में जमकर बारिश हुई। नैनीताल में 217 MM और भीमताल में 161 MM बारिश दर्ज की गई। हल्द्वानी में 122.2 MM, मुक्तेश्वर में 107.7 MM और बेतालघाट में 80.5 MM बारिश रिकॉर्ड हुई।

इसके अलावा चंपावत में 74 MM, लोहाघाट में 41.5 MM, रुद्रप्रयाग में 41.2 MM और रानीखेत में 41.1 MM बारिश दर्ज की गई।

भारी बारिश के चलते रुद्रप्रयाग में अलकनंदा और मंदाकिनी तथा हरिद्वार में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।

इन जिलों में बंद हैं सड़कें

बुधवार को अल्मोड़ा में 8, बागेश्वर में 15, चमोली में 21, देहरादून में 11, नैनीताल में 47, पौड़ी में 8, पिथौरागढ़ में 15, रुद्रप्रयाग में 10, टिहरी में 11 और उत्तरकाशी में 6 मार्ग बंद रहे।सबसे ज्यादा सड़कें नैनीताल में 47 और चमोली में 21 बंद हैं।

9 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने आज राज्य के 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में बारिश की संभावना जताई गई है।

राज्यभर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की भी चेतावनी दी गई है। कुछ इलाकों में बारिश का दौर तेज से अति तेज हो सकता है।

पहाड़ी जिलों में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी और उत्तरकाशी में भारी बारिश की आशंका है। चमोली, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।

बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।