#प्रदेश

CG News: लहपटरा टोल विवाद पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का बड़ा एक्शन, बोलीं- मानवीय गलती पर दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं

Advertisement Carousel

 

रायपुर। सरगुजा जिले के लहपटरा टोल प्लाजा पर हुए विवाद को लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कड़ा रुख अपनाया है। घटना पर दुख जताते हुए मंत्री ने कहा कि टोल कर्मचारी से हुई तकनीकी या मानवीय त्रुटि को माफ किया जा सकता है, लेकिन किसी कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अनुशासनहीनता के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात कही है।

घटना के वक्त वाहन में कर रही थीं विश्राम

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने स्पष्ट किया कि घटना के समय वह दिनभर के शासकीय कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े कार्यों के बाद काफी थकी हुई थीं और वाहन में विश्राम कर रही थीं। इसलिए मौके पर हुई घटना की उन्हें तत्काल जानकारी नहीं मिली।

उन्होंने बताया कि अगले दिन सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से घटना की जानकारी मिलने पर उन्हें पूरे मामले से अवगत हुईं और वह इससे काफी आहत हुईं।

बूम बैरियर गिरना मानवीय या तकनीकी त्रुटि

मंत्री ने कहा कि टोल प्लाजा पर बूम बैरियर का गिरना तकनीकी अथवा मानवीय त्रुटि हो सकती है। उन्होंने कहा कि एक जनसेवक के तौर पर वह इस गलती को स्वाभाविक मानती हैं और इसके लिए कर्मचारी को क्षमा करती हैं।

हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि किसी सामान्य या तकनीकी गलती के जवाब में किसी नागरिक अथवा कर्मचारी के साथ अशोभनीय व्यवहार करना स्वीकार नहीं किया जा सकता।

PA की संलिप्तता से मंत्री का इनकार

घटना को लेकर कुछ समाचार माध्यमों में मंत्री के निजी सहायक (PA) का नाम सामने आने पर उन्होंने इसका खंडन किया है। मंत्री ने कहा कि उनके PA द्वारा किसी तरह का दुर्व्यवहार या मारपीट नहीं की गई।

उन्होंने दावा किया कि घटना के वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति उनका PA नहीं, बल्कि वाहन चालक है। मंत्री ने PA का नाम इस विवाद से जोड़े जाने को तथ्यहीन और भ्रामक बताया।

पीड़ित टोल कर्मचारी से जल्द मिलेंगी मंत्री

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने घटना में टोल कर्मचारी को हुई मानसिक पीड़ा पर खेद जताया है। उन्होंने कहा कि वह अपने अगले प्रवास के दौरान स्वयं कर्मचारी से मुलाकात कर उसका हाल-चाल जानेंगी।

मंत्री ने कहा कि जनता का सम्मान, आत्मसम्मान और सुरक्षा सर्वोपरि है और अनुशासनहीनता को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।