BREAKING: बोलीविया के सैन्य परिसर में जोरदार धमाका, 10 की मौत और 60 से ज्यादा घायल; 15 तक पहुंच सकता है मृतकों का आंकड़ा

ला पाज। बोलीविया में शुक्रवार दोपहर एक सैन्य परिसर में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। वियाचा स्थित सैन्य परिसर में हुए धमाके में कम से कम 10 लोगों की मौत और 60 से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़कर 15 तक पहुंचने की आशंका जताई है। धमाके के बाद आसपास के कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है।
पायरोटेक्निक सामग्री वाले हिस्से में हुआ धमाका
विस्फोट स्थानीय समयानुसार करीब दोपहर 2:30 बजे वियाचा के सैन्य परिसर में हुआ। यह स्थान बोलीविया की राजधानी ला पाज से करीब 30 किलोमीटर दूर है।
अधिकारियों के मुताबिक, धमाका सैन्य परिसर के उस हिस्से में हुआ जहां आतिशबाजी और पायरोटेक्निक सामग्री रखी गई थी। रक्षा मंत्रालय के भंडार में रखी इस सामग्री में विस्फोट की शुरुआत किस वजह से हुई, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
62 लोग घायल, कई घरों को नुकसान
स्वास्थ्य निदेशक रीटा नेब्रास्का के अनुसार, अब तक 62 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। इनमें से 14 घायलों को इलाज के लिए ला पाज के अस्पतालों में भेजा गया। घायलों में एक बच्ची भी शामिल है, जो तीसरी डिग्री तक झुलस गई है।
पुलिस के अनुसार 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास के दर्जनों घर प्रभावित हुए और कई मकानों की खिड़कियां टूट गईं।
मौके पर राहत-बचाव अभियान तेज
धमाके की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाएं सैन्य परिसर पहुंचीं। एंबुलेंस, मेडिकल टीम और पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया। घायलों को तत्काल चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाया गया और प्रभावित क्षेत्र में राहत-बचाव का काम शुरू किया गया।
दोबारा धमाके का खतरा, 150 मीटर दूर रहने की अपील
विस्फोट के बाद भी खतरा पूरी तरह टला नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, दमकलकर्मियों को परिसर में अब भी गर्मी का एक स्रोत मिला है, जिससे दोबारा विस्फोट की आशंका बनी हुई है।
सुरक्षा को देखते हुए स्थानीय लोगों से घटनास्थल से कम से कम 150 मीटर दूर रहने की अपील की गई है। फिलहाल अधिकारियों का फोकस इलाके को सुरक्षित करने, संभावित दूसरे विस्फोट को रोकने और घायलों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने पर है।




