Chhattisgarh Congress: सुखदेव भगत को मिली छत्तीसगढ़ की कमान, भूपेश बघेल को असम की जिम्मेदारी; कांग्रेस ने कई राज्यों में बदले प्रभारी

रायपुर। कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों के प्रभारी महासचिवों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। पार्टी ने सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को असम का AICC महासचिव प्रभारी बनाया गया है। इन नियुक्तियों के साथ ही कांग्रेस ने कई राज्यों में संगठन की जिम्मेदारियां नए नेताओं को सौंपी हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नए प्रभारियों की नियुक्ति की जानकारी दी। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
किस नेता को मिली किस राज्य की जिम्मेदारी?
कांग्रेस की नई सूची में कई प्रमुख नेताओं को अलग-अलग राज्यों का प्रभार सौंपा गया है।
सुखदेव भगत — छत्तीसगढ़
भूपेश बघेल — असम
सचिन पायलट — पंजाब
रणदीप सिंह सुरजेवाला — गुजरात
डॉ. सिरीवेला प्रसाद — महाराष्ट्र
पी.वी. मोहन — आंध्र प्रदेश
रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात के साथ कर्नाटक की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।
तीन महासचिवों को मौजूदा प्रभार से किया गया मुक्त
संगठनात्मक बदलाव के तहत कांग्रेस ने तीन निवर्तमान महासचिव/प्रभारियों को उनकी वर्तमान जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है। इनमें जितेंद्र सिंह, रमेश चेन्निथला और मणिकम टैगोर शामिल हैं।पार्टी ने इन नेताओं के योगदान की सराहना भी की है। वहीं मुकुल वासनिक AICC महासचिव के पद पर बने रहेंगे।
छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी सियासी हलचल
सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ का नया प्रभारी बनाए जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस की राजनीति में हलचल बढ़ने की संभावना है। नई जिम्मेदारी के साथ प्रदेश संगठन में रणनीति, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और सरकार के खिलाफ आंदोलन को लेकर नए सिरे से तैयारियां देखने को मिल सकती हैं।
वहीं भूपेश बघेल को असम का प्रभारी बनाए जाने से राष्ट्रीय स्तर पर उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है। कांग्रेस के इस संगठनात्मक फेरबदल को आने वाले राजनीतिक अभियानों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।





