#प्रदेश

CG News: पहाड़ी कोरवा महिला ने एक साथ दिया तीन स्वस्थ बच्चों को जन्म, स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से टली बड़ी मुश्किल

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के दूरस्थ आदिवासी इलाके से स्वास्थ्य विभाग की तत्परता की एक सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। राजपुर विकासखंड की अति-जोखिम वाली गर्भवती पहाड़ी कोरवा महिला श्रीमती बसंती ने एक साथ तीन स्वस्थ नवजात शिशुओं को जन्म दिया है। फिलहाल मां और तीनों बच्चे स्वस्थ हैं और चिकित्सकों की निगरानी में हैं।

अस्पताल से लौटने की जानकारी मिलते ही सक्रिय हुआ अमला

जानकारी के मुताबिक बसंती किसी कारणवश जिला अस्पताल अंबिकापुर से बिना उपचार कराए अपने गांव लौट आई थीं। इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को मिलते ही मैदानी अमला सक्रिय हो गया। महिला को समय पर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तत्काल जरूरी तैयारियां की गईं।

मितानिन से लेकर 102 एंबुलेंस और डॉक्टरों तक ने संभाला मोर्चा

महिला की सुरक्षित डिलीवरी में स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कर्मचारियों, मितानिन, 102 एंबुलेंस टीम और अस्पताल के चिकित्सकों ने समन्वय के साथ काम किया। त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के बाद बसंती ने तीन स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया।वर्तमान में मां और तीनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार एवं देखभाल जारी है।

अति-जोखिम गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान जरूरी

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि अति-जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, नियमित निगरानी और जरूरत पड़ने पर तत्काल रेफरल बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों की हर गर्भवती महिला तक सुरक्षित मातृत्व की सुविधा पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने इस मामले में स्वास्थ्य अमले, एंबुलेंस सेवा और मैदानी कार्यकर्ताओं के बीच हुए बेहतर समन्वय की सराहना की।