#प्रदेश

मार्च 2027 से रायपुर समेत 4 शहरों में दौड़ेंगी 240 ई-बसें, सीएम साय ने दिए इंफ्रास्ट्रक्चर जल्द पूरा करने के निर्देश

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चार प्रमुख शहरों में आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की समीक्षा बैठक में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और कोरबा में कुल 240 ई-बसों के संचालन की तैयारियां तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए।

मार्च 2027 से पहले पूरा हो इंफ्रास्ट्रक्चर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि ई-बस सेवा के लिए जरूरी सभी इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े काम मार्च 2027 से पहले पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सभी जरूरी व्यवस्थाएं समयसीमा के भीतर तैयार करने के निर्देश दिए।

सीएम साय ने कहा कि ई-बस सेवा शुरू होने से नागरिकों को आधुनिक, सुविधाजनक और बेहतर सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। साथ ही इससे पर्यावरण-अनुकूल शहरी परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

38 नगरीय निकायों में बनेंगे नालंदा परिसर

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए बनाए जा रहे सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन ‘नालंदा परिसर’ की प्रगति की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत तीन वित्तीय वर्षों में प्रदेश के 38 नगरीय निकायों में नालंदा परिसर निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इनमें से 31 परिसरों में निर्माण कार्य जारी है।

मुख्यमंत्री ने परिसरों में प्रस्तावित सीटों की संख्या और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए रायपुर में निर्माणाधीन नालंदा परिसर की प्रगति की भी समीक्षा की।

नगरोत्थान योजना से शहरों में मजबूत होगा ट्रैफिक इंफ्रास्ट्रक्चर

नगरोत्थान योजना की समीक्षा के दौरान सीएम साय ने शहरों की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकसित करने पर जोर दिया। बैठक में बताया गया कि प्रदेश के 14 नगर निगमों के लिए शुरू की गई योजना के तहत मुख्य सड़कों का चौड़ीकरण, बाईपास, फ्लाईओवर, सर्विस लेन और अंडरपास समेत यातायात से जुड़ी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने पूर्व में की गई घोषणाओं के तहत स्वीकृत नगरीय विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कामों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में रायपुर को देश में छठा स्थान

अधिकारियों ने बैठक में बताया कि वायु प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में रायपुर नगर निगम ने उल्लेखनीय सुधार किया है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में रायपुर ने 189 अंक हासिल कर देश में छठा स्थान प्राप्त किया है।

वहीं राज्य स्तरीय वार्ड रैंकिंग-2026 में रायपुर के वार्ड क्रमांक 46 ने 30 हजार से अधिक आबादी वाली श्रेणी और वार्ड क्रमांक 30 ने 10 हजार से 30 हजार आबादी वाली श्रेणी में स्थान हासिल किया।

हरित क्षेत्र बढ़ाने पर भी सीएम का जोर

रायपुर की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री साय ने विभाग और नगर निगम की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर के साथ स्वस्थ और बेहतर शहरी जीवन के लिए पर्याप्त हरित क्षेत्र भी जरूरी हैं।

मुख्यमंत्री ने वार्डों में नए उद्यान विकसित करने के साथ ही ऐसे इलाकों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां पेड़ों की संख्या कम है। उन्होंने इन क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने पर जोर दिया।

बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुबोध सिंह समेत नगरीय प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।