बिलासपुर-दिल्ली फ्लाइट में हवा में इंजन फेल, मचा हड़कंप; पायलट ने कराई इमरजेंसी लैंडिंग, 54 यात्री सुरक्षित

बिलासपुर। बिलासपुर से दिल्ली जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट में शुक्रवार को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने से हड़कंप मच गया। मेरठ के आसपास विमान का एक इंजन फेल होने की जानकारी सामने आई। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत ATC से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
इसके बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई। पायलट और ATC के बीच समन्वय के बाद विमान को सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।
प्रयागराज से दिल्ली के लिए भरी थी उड़ान
जानकारी के अनुसार, अलायंस एयर की फ्लाइट शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुई थी। प्रयागराज से विमान ने दोपहर करीब 12:33 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
मेरठ के आसपास पहुंचने के दौरान विमान के एक इंजन में तकनीकी खराबी महसूस हुई। पायलट ने तत्काल इसकी सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी। करीब 2:15 बजे विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
54 यात्री और क्रू सुरक्षित
विमान में क्रू सदस्यों समेत कुल 54 लोग सवार थे। सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को विमान से बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। पायलट की सतर्कता और ATC के साथ बेहतर समन्वय के चलते बड़ा हादसा टल गया।
DGCA ने दिए जांच के आदेश
घटना को गंभीरता से लेते हुए विमानन नियामक DGCA ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि विमान के इंजन में तकनीकी खराबी किस वजह से आई और इंजन फेल होने के पीछे क्या कारण था।




