#प्रदेश

International Ozone Day: विद्यार्थियों ने भाषण के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, ओजोन परत बचाने पर रखे विचार

Advertisement Carousel

 

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय ओजोन दिवस के मौके पर डूमरतराई स्थित श्रीराम शर्मा (मिंटू) शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए तत्काल भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। पर्यावरण संरक्षण मंडल, रायपुर के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं, 10वीं और 11वीं के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

ओजोन से लेकर जलवायु परिवर्तन तक पर बोले विद्यार्थी

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ओजोन परत का महत्व, ओजोन संरक्षण, पर्यावरण बचाव, जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण नियंत्रण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। बिना पूर्व तैयारी के भाषण देने के इस आयोजन में विद्यार्थियों ने विषय की समझ के साथ अपनी अभिव्यक्ति क्षमता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।

विजेताओं को मिले पुरस्कार

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए।

शिक्षकों और पर्यावरण विभाग के अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य आर. एन. त्रिवेदी, इको क्लब प्रभारी रीना अतुल सिंह, मंच संचालन कर रहीं डॉ. रितु श्रीवास्तव के साथ अर्चना उपाध्याय और प्रदीप चौहान सहित विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे। पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाना रहा उद्देश्य

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ओजोन परत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। साथ ही तत्काल सोचने, विषय को समझने और कम समय में प्रभावी तरीके से अपनी बात रखने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय अधिकारी प्रकाश कुमार राबड़े के निर्देशन में किया गया।