IndiGo Flight Emergency Landing: बैंकॉक से दिल्ली जा रही फ्लाइट में बिगड़ी यात्री की तबीयत, लखनऊ में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

लखनऊ। बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में शनिवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विमान में सवार एक यात्री की अचानक तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। यात्री की हालत को देखते हुए पायलट ने तत्काल लखनऊ एयरपोर्ट से संपर्क किया और मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E-1054 बैंकॉक से रात करीब 8:15 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। विमान को रात करीब 11:10 बजे दिल्ली पहुंचना था। उड़ान के दौरान एक यात्री की तबीयत अचानक खराब हो गई। स्थिति की जानकारी मिलते ही क्रू मेंबर्स ने पायलट को सूचित किया।
लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया विमान
यात्री की बिगड़ती हालत को देखते हुए पायलट ने लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलते ही विमान को रात करीब 10:55 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया।
विमान के अचानक लखनऊ में उतरने से यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए चिंता का माहौल बन गया। हालांकि, विमान के सुरक्षित लैंड होते ही एयरपोर्ट पर मौजूद मेडिकल टीम ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया।
एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया यात्री
विमान के लैंड करते ही मेडिकल टीम ने बीमार यात्री को एंबुलेंस के जरिए गोमती नगर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे भर्ती कराया गया। यात्री की बीमारी या स्वास्थ्य स्थिति को लेकर तत्काल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
इमरजेंसी लैंडिंग के कारण विमान करीब एक घंटे तक लखनऊ एयरपोर्ट पर खड़ा रहा। इस दौरान अन्य यात्री विमान के अंदर ही मौजूद रहे। जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद फ्लाइट ने रात करीब 12:05 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए उड़ान भरी।





