#प्रदेश

CREDAI Property Expo 2026: 170 से ज्यादा प्रॉपर्टीज की बुकिंग का रिकॉर्ड, 3800 से अधिक लोगों ने लिया एक्सपो का जायजा

Advertisement Carousel

 

रायपुर। क्रेडाई प्रॉपर्टी एक्सपो-2026 का तीन दिवसीय आयोजन इस बार 170 से अधिक प्रॉपर्टीज की बुकिंग के साथ संपन्न हुआ। एक्सपो में 3800 से ज्यादा लोगों ने विजिट किया। आयोजकों के मुताबिक, बुकिंग पर रजिस्ट्री और स्टाम्प ड्यूटी में 50 फीसदी छूट की घोषणा लोगों के लिए खास आकर्षण रही।

बृजमोहन अग्रवाल बोले- मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए आवास पर दें फोकस

समापन समारोह के मुख्य अतिथि सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि क्रेडाई को इस दिशा में काम करना चाहिए कि मध्यमवर्गीय परिवारों को आसानी से अपना घर मिल सके। उन्होंने रायपुर को शांतिपूर्ण शहर बताते हुए कहा कि आने वाले समय में शहर के विकास की संभावनाएं और बढ़ेंगी।

उन्होंने कहा कि वे क्रेडाई के आयोजन से लंबे समय से जुड़े रहे हैं और हर वर्ष इसमें शामिल होते हैं। उन्होंने क्रेडाई सदस्यों से गुणवत्ता और संख्या दोनों के साथ आवास निर्माण पर ध्यान देने की अपील की।

50 फीसदी छूट से बढ़ी बुकिंग

क्रेडाई छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष पंकज लाहोटी ने बताया कि एक्सपो का यह सातवां संस्करण अपने उद्देश्यों में सफल रहा। तीन दिनों के दौरान रजिस्ट्री और स्टाम्प ड्यूटी में 50 फीसदी छूट की घोषणा के बाद 170 से अधिक प्रॉपर्टीज की बुकिंग हुई।

प्रोग्राम चेयरमैन अशोक मूंदड़ा ने कहा कि करीब डेढ़ महीने की तैयारियों के बाद यह आयोजन संभव हुआ। उन्होंने कहा कि एक्सपो के जरिए केवल प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन नहीं किया गया, बल्कि लोगों के अपने घर के सपने को पूरा करने की दिशा में भी प्रयास किया गया।

लकी ड्रॉ में सात विजेताओं को मिले आकर्षक उपहार

समापन समारोह में लकी ड्रॉ निकाला गया। सात विजेताओं को अलग-अलग आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। इसके अलावा स्टॉल होल्डर्स और एक्सपो के सहयोगियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

लकी ड्रॉ के विजेता:

पहला पुरस्कार: सविता वर्मा — सोनी 55 इंच टीवी
दूसरा पुरस्कार: रिंकू परवानी — वोल्टास एसी
तीसरा पुरस्कार: विवेक गोहिया — एलजी रेफ्रिजरेटर
चौथा पुरस्कार: विकास साहू — एलजी वॉशिंग मशीन
पांचवां पुरस्कार: मुकेश शर्मा — एलजी माइक्रोवेव
छठवां पुरस्कार: प्रणय जायसवाल — एलजी ओवन
सातवां पुरस्कार: प्राची अग्रवाल — फिलिप्स एयर फ्रायर

CREDAI Celebrate कैंपेन में छात्रों को मिला सम्मान

‘क्रेडाई सेलिब्रेट’ कैंपेन के तहत बेस्ट कैंपेनिंग के लिए तीन छात्रों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। सिद्धार्थ साहू ने पहला, यश सोनी ने दूसरा और मिनेश साहू ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं भूमिका गुप्ता और अभिनय पटनायक को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

दुबई से पहुंचे शेख, निवेश के लिए देखी प्रॉपर्टी

क्रेडाई प्रॉपर्टी एक्सपो में रविवार को दुबई से आए एक शेख भी पहुंचे। उन्होंने इंडोर स्टेडियम में विभिन्न प्रोजेक्ट्स की जानकारी ली और निवेश की संभावनाओं को समझा। आयोजन की सराहना करते हुए उन्होंने ‘थैंक्यू रायपुर, थैंक्यू क्रेडाई’ कहकर शुभकामनाएं दीं।

समारोह के अंत में प्रतीक केवलानी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।