#crime #प्रदेश

Patna Double Murder: दानापुर में डबल मर्डर से सनसनी, सिपाही ने बहन की हत्या के बाद की आत्महत्या; जांच में जुटी पुलिस

Advertisement Carousel

 

पटना। राजधानी पटना से सटे दानापुर में मंगलवार शाम डबल मर्डर की घटना से सनसनी फैल गई। नासरीगंज की मिथिला कॉलोनी में बिहार पुलिस के एक सिपाही ने कथित तौर पर आपसी विवाद के बाद अपनी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद सिपाही ने भी आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मृतकों की पहचान ओमचंद्र और उसकी बहन पार्वती कुमारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आपसी विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, वारदात की वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

करीब एक साल से किराये के मकान में रह रहे थे भाई-बहन

जानकारी के मुताबिक, ओमचंद्र और पार्वती मूल रूप से भागलपुर के रहने वाले थे। दोनों अपने भाई अरुण और बहन के साथ दानापुर की मिथिला कॉलोनी में ब्रजेश सिंह के मकान की तीसरी मंजिल पर करीब एक साल से किराये पर रह रहे थे।

ओमचंद्र को अनुकंपा के आधार पर बिहार पुलिस में नौकरी मिली थी। वह मोतिहारी जिले में सिपाही के पद पर तैनात था और समय-समय पर दानापुर स्थित घर आता था। उसका छोटा भाई अरुण फ्लिपकार्ट में काम करता है।

घटना के समय घर में नहीं था छोटा भाई

बताया जा रहा है कि मंगलवार को ओमचंद्र घर आया हुआ था। घटना के समय उसका छोटा भाई अरुण काम पर गया था, जबकि पार्वती कुमारी कोचिंग गई थी। शाम करीब सात बजे मकान के अंदर से गोलियों की आवाज सुनाई दी।

आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर दोनों भाई-बहन मृत मिले। इसके बाद पुलिस और मकान मालिक को घटना की सूचना दी गई।

मौके से सर्विस रिवॉल्वर और कारतूस बरामद

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां से साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस ने मौके से ओमचंद्र की सर्विस रिवॉल्वर, एक खोखा और विभाग की ओर से मिले अन्य कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

पार्वती की दो साल पहले हुई थी शादी

स्थानीय लोगों के अनुसार, पार्वती कुमारी की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। हालांकि, वह ससुराल में रहने के बजाय अपने भाई के साथ रहती थी। पुलिस के अनुसार, पार्वती मानसिक परेशानी से जूझ रही थी। स्थानीय दुकानदारों से उधार को लेकर भी उसके विवाद होने की बात सामने आई है। इन्हीं परिस्थितियों को लेकर ओमचंद्र के तनाव में रहने की बात भी कही जा रही है।

आपसी विवाद के बाद वारदात की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि मंगलवार शाम भाई-बहन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद ओमचंद्र ने अपनी बहन की हत्या कर दी और फिर खुद आत्महत्या कर ली।

हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

सिटी एसपी पश्चिमी साकेत कुमार ने बताया कि ओमचंद्र मोतिहारी में बिहार पुलिस के सिपाही के पद पर तैनात था। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की बात सामने आई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।