#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, बस्तर में भारी बारिश के आसार; रायपुर में भी बरसेंगे बादल

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गहरे अवदाब के रूप में आगे बढ़ रहे मौसमी सिस्टम का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। बुधवार को रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और आसमान में बादल छाए रहेंगे।

रायपुर में करीब 30 मिनट हुई तेज बारिश

बुधवार सुबह राजधानी रायपुर में हल्के बादल छाए रहे। दोपहर होते-होते आसमान में घने काले बादल छा गए और इसके बाद करीब 30 मिनट तक तेज बारिश हुई। बारिश थमने के बाद कुछ देर के लिए धूप निकली, लेकिन बादलों की आवाजाही लगातार बनी रही।

बस्तर में भारी से अतिभारी बारिश का अलर्ट

मौसम तंत्र का सबसे ज्यादा प्रभाव बस्तर संभाग में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने बस्तर के कई इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश की संभावना जताई है। मौसमी सिस्टम गुरुवार को विशाखापट्टनम और पुरी के समुद्र तट को पार करेगा। इसके असर से दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।

रायपुर में अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। शहर में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश का दौर रुक-रुककर जारी रहने की संभावना है।

मानसून की विदाई से पहले फिर सक्रिय होगा सिस्टम

छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून के अंतिम चरण में अब करीब एक सप्ताह का समय बचा है। इस दौरान प्रदेश में एक-दो और मौसमी सिस्टम बनने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में मानसून की विदाई से पहले प्रदेश के कुछ हिस्सों में एक बार फिर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।