MP Accident : सतना में बच्चों से भरी स्कूल वैन पलटी, 20 छात्र सवार होने की सूचना; 2 की हालत गंभीर

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के जैतवारा थाना क्षेत्र में गुरुवार को बच्चों से भरी स्कूल वैन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा दुदुआर गांव के पास हुआ। वैन में करीब 19 से 20 बच्चे सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने बच्चों को वैन से बाहर निकाला
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला गया। हादसे में कई बच्चों के घायल होने की जानकारी है।
घायलों में से दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें पहले उपचार के लिए कोठी अस्पताल भेजा गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया।
15 सीटर वैन में 20 बच्चों के सवार होने की बात
स्थानीय लोगों के अनुसार, वैन ज्ञान स्थली स्कूल की बताई जा रही है और इसमें करीब 20 बच्चे सवार थे। बताया जा रहा है कि वैन की क्षमता 15 सीटों की है। हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन भी अस्पताल और घटनास्थल की ओर पहुंचे, जिससे वहां चिंता का माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही जैतवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसा कैसे हुआ, अभी स्पष्ट नहीं
जैतवारा थाना प्रभारी अजय सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।




