CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट; तेज हवाओं की भी चेतावनी

रायपुर। बंगाल की खाड़ी से सक्रिय मौसम प्रणाली का असर छत्तीसगढ़ में लगातार बना हुआ है। गुरुवार को दक्षिण-मध्य छत्तीसगढ़ में पूरे दिन मौसम का मिजाज बदला रहा। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने 25 सितंबर को भी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश का जोर
पिछले 24 घंटे के दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी हुई। बारिश के कारण मौसम सुहावना हुआ और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
तेजी से आगे बढ़ रहा डीप डिप्रेशन
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना डीप डिप्रेशन करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। 24 सितंबर की सुबह 11:30 बजे यह 18.7 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 83.4 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास केंद्रित था।
40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
सामान्य से 6 फीसदी कम हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में अब तक कुल बारिश सामान्य से करीब 6 फीसदी कम दर्ज की गई है। अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।




