रिश्वत लेते पकड़े गए खनन अधिकारी के घर नोटों का खजाना, अलमारी-बैग से मिले 63 लाख कैश

शामली। उत्तर प्रदेश के शामली में विजिलेंस की कार्रवाई के दौरान जिला खनन अधिकारी के सरकारी आवास से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने का मामला सामने आया है। 85 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह के घर की तलाशी में 63 लाख रुपये नकद मिलने की बात सामने आई है। वहीं, उनके कार्यालय की दराज से भी 8 लाख रुपये बरामद किए गए।
अलमारी खोली तो नोटों की गड्डियां देखकर दंग रह गई टीम
गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे विजिलेंस की दो टीमें जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह को लेकर उनके सरकारी आवास पहुंचीं। तलाशी के दौरान घर में दो अलमारियां मिलीं। एक अलमारी में कपड़ों के साथ नकदी से भरा बैग रखा था, जबकि दूसरी छोटी अलमारी में कपड़ों की तरह नोटों की गड्डियां सजी हुई थीं।
अलमारी के खानों में 200 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियां रखी मिलीं। दूसरी अलमारी खोलने पर दो बड़े बैग मिले, जिनमें 500-500 रुपये के नोटों के बंडल भरे हुए थे। दोनों अलमारियों में अंदर गुप्त लॉक के साथ बाहर से भी ताला लगा हुआ था।
मशीन से हुई नोटों की गिनती
बरामद नकदी को विजिलेंस टीम थाने लेकर पहुंची। बड़ी मात्रा में नोट होने के कारण टीम को गिनती में काफी समय लगा। इसके बाद एलडीएम से नोट गिनने की मशीन मंगाई गई और मशीन के जरिए नकदी की गिनती की गई।
इस दौरान हिरासत में लिए गए खनन अधिकारी अधिकारियों के बीच बेफिक्र नजर आए और चाय पीते दिखाई दिए।
85 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए
उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) मेरठ सेक्टर की ट्रैप टीम ने गुरुवार को जिला खनन अधिकारी कार्यालय में कार्रवाई की। टीम ने 85 हजार रुपये की रिश्वत लेते जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह और संविदा कर्मी सहायक लिपिक सद्दाम को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान खनन अधिकारी की कार्यालय स्थित दराज से 8 लाख रुपये नकद और सरकारी आवास से 63 लाख रुपये बरामद होने की जानकारी सामने आई है। दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई।




