Mahanadi Flood: बाढ़ के तेज बहाव में बहती दिखीं शराब की बोतलें, पकड़ने के लिए पुल पर जुटी भीड़; जान जोखिम में डालते दिखे लोग

अभनपुर। महानदी में आई बाढ़ के बीच अभनपुर के गोबरा नवापारा क्षेत्र में शनिवार को अलग ही नजारा देखने को मिला। धमतरी जिले की ओर से तेज बहाव के साथ प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब बहकर सोमवारी बाजार पुल की ओर पहुंचने की खबर फैलते ही पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
रायपुर और धमतरी जिले को जोड़ने वाले इस पुल पर लोग नदी के तेज बहाव के बीच बहती बोतलों को पकड़ने की कोशिश करते नजर आए। कुछ लोग बांस में जाली लगाकर तो कुछ स्थानीय जुगाड़ के जरिए नदी के किनारे और पुल के आसपास पहुंच रही बोतलों को निकालने का प्रयास करते दिखे।
बोतलें पकड़ने की होड़, नदी के करीब पहुंचे लोग
बताया जा रहा है कि महानदी के तेज बहाव में प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब बहकर आ रही थी। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की संख्या बढ़ती गई। कई लोग पुल पर खड़े होकर नदी के बहाव पर नजर रखते रहे और बोतल दिखाई देने पर उसे पकड़ने की कोशिश करते रहे।
हालांकि, इस दौरान कुछ लोग तेज बहाव के बावजूद नदी और पुल के बेहद करीब तक पहुंच गए। शराब की बोतलें निकालने की कोशिश में लोगों का इस तरह अपनी सुरक्षा को नजरअंदाज करना गंभीर हादसे का कारण बन सकता है।
बाढ़ में लापरवाही पड़ सकती है भारी
महानदी इस समय बाढ़ के कारण उफान पर है और नदी का बहाव तेज बना हुआ है। ऐसे में नदी के किनारे, पुल या पानी के तेज बहाव वाले हिस्सों के करीब जाना बेहद जोखिम भरा हो सकता है।
सोमवारी बाजार पुल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। इधर, महानदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन लगातार लोगों से नदी, पुल और तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील कर रहा है। बाढ़ की स्थिति में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।





