Chhattisgarh Congress: नए प्रभारी सुखदेव भगत की मौजूदगी में कांग्रेस विधायक दल की बैठक, संगठनात्मक मुद्दों पर होगा मंथन

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक गतिविधियों के बीच रविवार, 27 सितंबर को कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। बैठक रात 8 बजे रायपुर के शांति नगर स्थित नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के निवास कार्यालय में आयोजित की जाएगी। बैठक में कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और लोकसभा सांसद सुखदेव भगत भी शामिल होंगे। उनके छत्तीसगढ़ प्रभारी बनने के बाद यह राज्य का पहला दौरा है।
विधायकों के साथ होगी बैठक
बैठक में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के साथ कांग्रेस के विधायक शामिल होंगे। पार्टी संगठन और विधायक दल से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। हालांकि, बैठक के विस्तृत एजेंडे की आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
तीन दिन के दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे भगत
सुखदेव भगत के दौरे में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों और संगठन के विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं। संगठन की मौजूदा स्थिति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा होगी।
ताजा कार्यक्रम के अनुसार, भगत 27 सितंबर को दोपहर करीब 2:25 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम और बैठकें प्रस्तावित हैं। शाम को राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद रात में विधायकों के साथ कार्यक्रम निर्धारित है।





