Kedarnath: चीरबासा के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर-मलबे की चपेट में आया 5 साल का बच्चा, मौत; 1500 यात्री सुरक्षित निकाले गए

केदारनाथ। केदारनाथ पैदल मार्ग पर रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। चीरबासा के समीप पहाड़ी से अचानक पत्थर और मलबा आने की घटना में पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद मलबा और पत्थर आने से मार्ग पर कई यात्री फंस गए। यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू टीमों ने रातभर अभियान चलाया और करीब 1500 यात्रियों को सुरक्षित मार्ग पार कराया।
पत्थरों की चपेट में आने से बच्चे की मौत
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से चीरबासा के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना मिली थी। इसी दौरान पत्थरों की चपेट में आने से एटा, उत्तर प्रदेश निवासी पांच वर्षीय यश पुत्र रोहताश यादव की मौके पर ही मौत हो गई।मौके पर तैनात रेस्क्यू टीम ने बच्चे के शव को पालकी के जरिए एमआरपी भैरव मंदिर, जंगलचट्टी पहुंचाया।
मलबा आने से पैदल मार्ग हुआ बाधित
चीरबासा क्षेत्र में पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने के कारण पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया था। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए मौके पर तैनात रेस्क्यू टीमों ने तत्काल अभियान शुरू किया।
देर रात तक यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की कार्रवाई जारी रही। रातभर चले रेस्क्यू अभियान में करीब 1500 यात्रियों को सुरक्षित मार्ग पार कराया गया।



