#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में थमी बारिश की रफ्तार, अगले 4 दिन मौसम रहेगा शुष्क; रायपुर में 33 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश कराने वाला सिस्टम कमजोर पड़ने का असर अब मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। सरगुजा और बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। रामचंद्रपुर में 2 सेंटीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले करीब 4 दिनों तक प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।

रायपुर में आज बारिश के आसार नहीं

बारिश थमने के साथ राजधानी रायपुर में तापमान बढ़ने लगा है, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है। मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दोपहर या शाम के समय आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि बारिश की संभावना नहीं है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मंगलवार को प्रदेश का मौसम कैसा रहा?

प्रदेश में मंगलवार को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। सरगुजा और बस्तर जिलों के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हुई।

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।

मौसम में बदलाव की वजह क्या है?

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा लगातार आगे बढ़ रही है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ रही हैं।

बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं

मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के किसी भी हिस्से के लिए बारिश से जुड़ी कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। अगले कुछ दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।