CG Weather Today: छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई शुरू, दिन में बढ़ेगी गर्मी; रातें होंगी ठंडी

रायपुर। सितंबर की विदाई के साथ ही छत्तीसगढ़ में मानसून अब वापसी की राह पर है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। इसके साथ ही प्रदेश में बारिश का दौर धीरे-धीरे कमजोर होगा और मौसम शुष्क होने लगेगा।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
प्रदेश में बुधवार को मौसम मुख्यतः साफ रहा। राजनांदगांव 34 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तापमान के आंकड़ों से साफ है कि अब प्रदेश में दिन गर्म और रातें अपेक्षाकृत ठंडी होने लगी हैं। मानसून की विदाई के साथ आने वाले दिनों में दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। अब यहां भी बारिश का ब्रेक बढ़ने के संकेत हैं।
1 अक्टूबर को रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
कुल मिलाकर, छत्तीसगढ़ में अब मानसून की विदाई के साथ बारिश से राहत और गर्मी में धीरे-धीरे बढ़ोतरी का दौर शुरू होने वाला है।




