#प्रदेश

PMAY-U: छत्तीसगढ़ को मिलेगा ‘बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट’ अवॉर्ड, 5 अक्टूबर को दिल्ली में होगा सम्मान

Advertisement Carousel

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) के बेहतर क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को ‘बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट’ अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 5 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित विश्व आवास दिवस-2026 के राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल होंगे। राज्य की ओर से नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा यह सम्मान ग्रहण करेंगे।

PMAY-U और PMAY-U 2.0 में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मान

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) और PMAY-U 2.0 के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, नगरीय निकायों और अन्य संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।

पुरस्कार के प्रमुख आधारों में आवासों का समय पर निर्माण, आवासों की पूर्णता, पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराना और योजना का प्रभावी क्रियान्वयन शामिल हैं।

विश्व आवास दिवस पर राष्ट्रीय कार्यक्रम

विश्व आवास दिवस के अवसर पर आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि तथा संयुक्त राष्ट्र और UN-Habitat सहित अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ को मिलने वाला यह सम्मान राज्य में शहरी आवास योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।