छत्तीसगढ़ राइस ब्रोकर्स एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा संपन्न, नई वेबसाइट का हुआ शुभारंभ

रायपुरः छत्तीसगढ़ राइस ब्रोकर्स एसोसिएशन ने रायपुर के होटल सेलिब्रेशन में वार्षिक आमसभा, दीपावली मिलन समारोह और आधिकारिक वेबसाइट लॉन्चिंग कार्यक्रम का आयोजन किया। समारोह में प्रदेश के व्यापारिक और चावल उद्योग से जुड़े कई प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान संगठन की गतिविधियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने और व्यापारिक एकजुटता को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में ऑल इंडिया राइस मिलर्स एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेश अग्रवाल, कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमर परवानी, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थौराणी, द राइस एक्सपोर्ट एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष मुकेश जैन और छत्तीसगढ़ राइस मिलर्स एसोसिएशन के सचिव विष्णु बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एसोसिएशन की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ रहा। सभी प्रमुख अतिथियों ने संयुक्त रूप से वेबसाइट का अनावरण किया।
डिजिटल युग में वेबसाइट की अहमियत पर चर्चा
समारोह को संबोधित करते हुए योगेश अग्रवाल, अमर परवानी, सतीश थौराणी, मुकेश जैन और विष्णु बिंदल ने संगठनात्मक मजबूती के साथ व्यापारिक गतिविधियों में तकनीक के बढ़ते महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में वेबसाइट किसी भी संगठन की पहचान और सूचनाओं के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण माध्यम है। अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए एसोसिएशन को बधाई दी।
वेबसाइट का निर्माण स्पर्श अग्रवाल और उनकी टीम ने किया है। इस योगदान के लिए उन्हें समारोह में सम्मानित किया गया।
वार्षिक प्रतिवेदन के साथ सदस्यों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन के सचिव सुमित केडिया ने वार्षिक सचिव प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि अध्यक्ष गोपाल बजाज ने अध्यक्षीय प्रतिवेदन के माध्यम से संगठन की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं, एसोसिएशन के सदस्य विशाल खंडेलवाल और संदीप खंडेलवाल को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में कोषाध्यक्ष नरेश चौबे ने सभी अतिथियों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे समारोह का संचालन राजू झमनानी ने किया। समारोह के समापन पर सदस्यों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।





