#प्रदेश

सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाने पहुंचे भरत वर्मा, एजेंसी ने लगाया गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप

Advertisement Carousel

राजनांदगांवः राजनांदगांव-मानपुर सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ने लगा है। सड़क निर्माण में लगी कार्य एजेंसी के कर्मचारियों और अधिकारियों ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एजेंसी के कर्मचारियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। कर्मचारियों का आरोप है कि भरत वर्मा ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर गाली-गलौज की, मारपीट करने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी।

मुरुम की जगह गिट्टी डालने को लेकर हुआ विवाद

दरअसल, राजनांदगांव से मोहला-मानपुर मार्ग पर सड़क निर्माण का काम चल रहा है। इसी दौरान कुमरदा और बुशाल के बीच फिलिंग कार्य को लेकर भरत वर्मा और निर्माण एजेंसी के कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। कर्मचारियों के मुताबिक, भरत वर्मा पहले भी सड़क की गुणवत्ता को लेकर शिकायत कर चुके हैं। उनका दावा है कि विभागीय जांच में निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया था।

कर्मचारियों का आरोप है कि हाल ही में भरत वर्मा निर्माण स्थल पर पहुंचे और फिलिंग में मुरुम की जगह गिट्टी डालने पर आपत्ति जताई। इस पर कर्मचारियों ने उन्हें तकनीकी प्रावधानों की जानकारी दी। आरोप है कि इससे नाराज होकर उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों, कंपनी के मालिक और विभागीय अधिकारियों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया।

वीडियो बनाने पर ऑपरेटर को दौड़ाने का आरोप

निर्माण एजेंसी के कर्मचारियों के अनुसार, जब एक ग्रेडर ऑपरेटर ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया तो उसके साथ भी गाली-गलौज की गई। आरोप है कि उसे मारने के लिए दौड़ाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।

घटना के बाद निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि वे निर्धारित समय सीमा में सड़क निर्माण का काम पूरा करने में जुटे हैं, लेकिन इस तरह के माहौल में काम करना मुश्किल हो रहा है।

SP कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

घटना से नाराज कार्य एजेंसी के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने भरत वर्मा के खिलाफ शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की जांच कराने, एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों पर भरत वर्मा का पक्ष सामने आना बाकी है।