Raipur News : अदानी पावर प्लांट में शराब बिक्री को लेकर बवाल, मजदूरों ने किया पथराव; TI समेत कई पुलिसकर्मी घायल

रायपुर। खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित अदानी पावर प्लांट में शराब बिक्री को लेकर मजदूरों के बीच विवाद के बाद जमकर बलवा और पथराव हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला किया गया। घटना में खरोरा थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालात को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
शराब बेचने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, प्लांट के अंदर शराब बेचने को लेकर मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच विवाद शुरू हुआ था। वहीं रायखेड़ा गांव में भी शराब बिक्री का ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने की बात सामने आई है। इसी विवाद के दौरान स्थिति बिगड़ गई और मजदूरों की ओर से पथराव शुरू हो गया।
सरपंच की गाड़ी में तोड़फोड़, पुलिस पर भी हमला
बलवा और पथराव के दौरान रायखेड़ा सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी को भी निशाना बनाया गया। पथराव में वाहन के कांच टूट गए। सूचना मिलते ही खरोरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान थाना प्रभारी को भी चोट लग गई।
अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और बलवा करने वालों की पहचान की जा रही है।
CSP ने बताया- स्थिति नियंत्रण में
CSP विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि रायखेड़ा स्थित अदानी पावर प्लांट में मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच शराब बेचने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान रायखेड़ा सरपंच मौके पर पहुंचे, जहां पथराव में उनके वाहन के शीशे टूट गए। सूचना मिलने पर खरोरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिसमें उन्हें चोट आई है। वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।




