Balod Acid Attack: प्रेमिका ने शादी से किया इनकार तो रची खौफनाक साजिश, 3 महीने बाद दोस्त से करवाया एसिड अटैक; दोनों गिरफ्तार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी इलाके में युवती पर हुए एसिड अटैक मामले का पुलिस ने महज 8 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती के किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध होने और शादी के लिए तैयार नहीं होने से नाराज यश ने करीब तीन महीने पहले ही एसिड अटैक की साजिश रच ली थी। इसके बाद अपने दोस्त करण के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया गया।
लाइब्रेरी से घर लौट रही थी युवती, रास्ते में फेंका एसिड
पुलिस के अनुसार, सोमवार को युवती रोज की तरह लाइब्रेरी से घर लौट रही थी। इसी दौरान उस पर एसिड फेंक दिया गया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद युवती को तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया।
वारदात के बाद आरोपी तांदुला डैम की ओर भाग निकला। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और एएसपी चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
CCTV और तकनीकी जांच से प्रेमी तक पहुंची पुलिस
डीएसपी विनय साहू के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के साथ शहर के अलग-अलग इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर पर गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान यश ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और अलग-अलग कहानियां बताईं। पूछताछ में सख्ती के बाद उसने युवती के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, यश ने बताया कि युवती का किसी अन्य युवक से अफेयर था और वह उससे शादी के लिए तैयार नहीं थी, जिससे वह नाराज था।
तीन महीने पहले रची थी साजिश, गणेश झांकी में हमला करने का था प्लान
पुलिस के मुताबिक, यश ने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम, निवासी भैरमगढ़, बीजापुर के साथ मिलकर कथित तौर पर एसिड अटैक की योजना बनाई थी।
यश के कहने पर करण 26 सितंबर को बालोद पहुंचा। दोनों ने 27 सितंबर को एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई थी। हालांकि, उस दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण आरोपी वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
5 अक्टूबर को दिया वारदात को अंजाम
इसके बाद 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवती जब लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, तभी पुलिस के मुताबिक यश के कहने पर करण ने उस पर एसिड फेंक दिया।
वारदात के बाद करण मौके से भागकर तांदुला बांध पहुंचा। वहां से लिफ्ट लेकर वह झलमला और मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा। इधर, यश के पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने करण की तलाश तेज कर दी और उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया।
एसिड और वारदात के समय पहने कपड़े जब्त
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया एसिड और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी कौन-कौन?
यश कुमार सोनकर, पिता ईश्वर लाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम नेवारिकला, वार्ड नंबर 11, जिला बालोद।
करण कुंजाम, पिता दिनेश कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर।
एसिड बेचने वाले पर भी होगी कार्रवाई
एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने बताया कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने एसिड दुर्ग से खरीदा था। एसिड बेचने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है और नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
एसपी के मुताबिक, दोनों आरोपी बीजापुर में साथ रहकर पढ़ाई करते थे और इसी दौरान उनकी दोस्ती हुई थी। पुलिस का कहना है कि इसी दोस्ती का हवाला देकर करण को वारदात में शामिल किया गया।
बालोद पुलिस की लोगों से अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि महिलाओं और युवतियों का पीछा करने, धमकी देने या परेशान करने जैसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें। ऐसी जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई में बालोद थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, गुरुर थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी समेत कोतवाली बालोद थाना स्टाफ और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





