#प्रदेश

योगी आदित्यनाथ ने नम आंखों से मां को दी विदाई, पंचूर से हरिद्वार के लिए निकली अंतिम यात्रा

Advertisement Carousel

लखनऊ/पंचूर: मां के जाने का दुख कितना गहरा होता है, यह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भावुक तस्वीरों में साफ नजर आया। मां सावित्री देवी के अंतिम दर्शन करते समय योगी अपने आंसू नहीं रोक सके। उन्होंने अपनी मां के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी। इसके बाद पार्थिव शरीर के साथ अंतिम यात्रा उत्तराखंड के पंचूर गांव से हरिद्वार के लिए रवाना हो गई।

सीएम योगी की मां सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उन्होंने अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। मां के निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गांव पहुंचे और पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए। इस दौरान वह बेहद भावुक नजर आए। परिजनों के साथ कुछ समय बिताने के बाद उन्होंने अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया।

लंबे समय से बीमार थीं सावित्री देवी

सावित्री देवी पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रही थीं। बीते तीन वर्षों में स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ने पर उन्हें ऋषिकेश एम्स और जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोनों ही मौकों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां का हाल जानने अस्पताल पहुंचे थे।

योगी आदित्यनाथ बीती 7 मई को भी अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। अगले दिन 8 मई को उनकी वापसी हुई थी। इस दौरान उन्होंने मां से मुलाकात की थी। परिजनों के मुताबिक, सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार के चंडी घाट पर किया जाएगा। यह पंचूर गांव का पारंपरिक पैतृक घाट है।

गांव में उमड़ी भीड़, शोक संवेदनाओं का लगा तांता

सावित्री देवी के निधन की खबर फैलते ही पंचूर गांव में रिश्तेदारों और परिचितों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री के गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल समेत कई गणमान्य लोगों ने भी शोक व्यक्त किया।

सीएम धामी और राज्यपाल ने जताया दुख

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी है। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों के साथ हैं।

वहीं, राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।